नई दिल्ली।
रियो पैरालिंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले देवेंद्र झांझरिया और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को देश के सबसे बड़े खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न के लिए चुना गया है।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा और हरमनप्रीत कौर के नाम अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शामिल है। पहले ऐसा माना जा रहा था कि बीसीसीआई खेल रत्न के लिए मिताली राज के नाम की सिफारिश करेगा, लेकिन बीसीसीआई ने हरमनप्रीत के नाम का चयन कर सबको चौंकाया।
देवेंद्र ने पैरालिंपिक खेलों की जेवलिन थ्रो की एफ46 इवेंट में रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। वे अभी विश्व रैंकिंग में तीसरे क्रम पर हैं। देवेंद्र बचपन में पेड़ पर चढ़ने के दौरान बिजली के तार की चपेट में आ गए थे और करंट लगने के बाद उनकी जान बचाने के लिए उनका बायां हाथ काटना पड़ा था। अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची में पैरालिंपिक पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलू, वरूण भाटी और गोल्फर एसएसपी चौरसिया शामिल है।
अर्जुन पुरस्कार : चेतेश्वर पुजारा, हरमनप्रीत कौर, मरियप्पन थंगावेलू, वरूण भाटी, एसएसपी चौरसिया, साकेत मनेनी, वीजे श्वेता, खुशबीर कौर, आरोकिया राजीव, प्रशांती सिंह, एसवी सुनील, सत्यवर्त कादियन, एंथोनी अमलराज, पीएन प्रकाश, जसबीर सिंह, देवेंद्रो सिंह, बिम्बा देवी