नई दिल्ली |
जेडीयू के बागी नेता शरद यादव आज अपनी ताकत के प्रदर्शन के लिए सम्मेलन का आयोजन कर रहे हैं। इस सम्मेलन में मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, अखिलेश यादव और सीताराम येचुरी सहित विपक्ष के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की संभावना है। शरद यादव ने देश की साझा विरासत को बचाने के उद्देश्य से इस सम्मेलन का आयोजन किया है।
यादव ने कहा कि बैठक में कांग्रेस, वाम, सपा, तृणमूल कांग्रेस, बसपा और राकांपा सहित कई विपक्षी दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। उनके इस आयोजन को जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के भाजपा के साथ गठबंधन करने के फैसले के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। यादव ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में, कुमार से अपने मतभेदों और भविष्य के राजनीतिक कदम के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दिया। उन्होंने दावा किया कि यह आयोजन किसी के खिलाफ नहीं बल्कि देश के हित में है। यादव ने जोर दिया कि ‘‘साझा विरासत’’ संविधान की आत्मा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके साथ ‘‘छेडछाड’’ की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकों का देश भर में आयोजन किया जायेगा।