भोपाल।
दिल्लीवासी आएं और मध्यप्रदेश में दीपावली मनाएं। मप्र में पटाखे फोड़कर दीपावली मनाने की पूरी आजादी है। ये ट्वीट है मप्र के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह का। जो जबर्दस्त वायरल हो रहा है। इसमें गृहमंत्री ने आग्रह किया है कि दिल्ली के मित्रों को उमंग के साथ दीपावली मनाने के लिए मप्र आमंत्रित कीजिए। सिंह के ट्वीट को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी रि-ट्वीट किया है।
‘नवदुनिया’ से बातचीत में गृहमंत्री ने कहा कि दीपावली हिन्दुओं का साल भर में आने वाला एकमात्र बड़ा त्योहार है। सनातनकाल से लोग पटाखे छोड़कर और आतिशबाजी कर खुशियां मनाते हैं। सिंह कहते हैं कि सिर्फ एक दिन पटाखे पर पाबंदी लगाकर प्रदूषण को नहीं रोका जा सकता। लोगों की सेहत और पर्यावरण का ख्याल रखना है तो 12 महीने काम करना चाहिए। मध्यप्रदेश में सरकार प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सदैव गंभीर रहती है, जिसके चलते यहां कभी भी ऐसी नौबत नहीं आई।
सिंह के ट्वीट के बाद सोशल मीडिया पर भी यह तेजी से वायरल हुआ। कुछ ही घंटों में हजारों लोगों ने इसे लाइक किया। वहीं भारी संख्या में रि-ट्वीट भी हुए। गौरतलब है कि दीपावली पर प्रदूषण रोकने के लिए दिल्ली में पटाखे छोड़ने पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है।