इंदौर।
बीएसएनएल को चाइना मेड मॉडम के भरोसे ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा देना भारी पड़ा रहा है। इनके एक साथ बंद होने से 15 हजार से ज्यादा उपभोक्ता 36 घंटे से इंटरनेट इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। कंपनी मॉडम पर वायरस हमला होने की बात कबूल रही है। सेवा कब बहाल होगी? इसका जवाब अधिकारियों के पास भी नहीं है।
ब्रॉडबेंड सेवा लेने वाले उपभोक्ताओं के यहां बीएसएनएल तीन तरह के मॉडम लगाती है। इसे भारतीय व चीनी कंपनियां मॉडम सप्लाय करती हैं। चीनी मॉडम में ऑनलाइन वायरस अटैक होने से बुधवार से सेवाएं ठप हैं। प्रदेशभर में लगभग साढ़े तीन लाख से ज्यादा उपभोक्ताओं ने ब्रॉडबैंड सेवाएं ले रखी हैं, जिसमें से 15 हजार कनेक्शन पर वायरस का असर सामने आया है।
खास बात यह है कि ये मॉडम दस महीने के दौरान लगाए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक मॉडम की खरीदारी दिल्ली मुख्यालय स्तर पर हुई है। अधिकारियों का कहना है कि उपभोक्ताओं ने कुछ वायरस वाली साइट पर विजिट किया होगा, इसके चलते ऐसा हुआ।