रत्नागिरी।
हाल ही में कांग्रेस से त्यागपत्र देने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने अपनी पार्टी ‘महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष’ को राजग का हिस्सा बनाने का एलान किया है।
राणे ने गुरुवार को पत्रकारों को बताया कि उन्होंने राज्य और विशेषकर कोंकण क्षेत्र के विकास के लिए राजग में शामिल होने का फैसला किया है।
खुद के केंद्र सरकार में मंत्री बनने की खबरों का खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि मैं 2019 तक महाराष्ट्र में ही रहूंगा। उनका इशारा 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव की ओर था। कांग्रेस के राज्य नेतृत्व से लंबे विवाद के बाद राणे ने दो सप्ताह पहले पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था।
तीन दिन पहले उन्होंने दावा किया था कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने उन्हें राजग में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उल्लेखनीय है कि शिवसेना में रहते हुए राणे 1999 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने थे। बाद में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया था।