नई दिल्ली |
नोटबंदी पर RBI के आंकड़े जारी करने के बाद कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। रिजर्व बैंक की तरफ से जारी आंकड़े में बताया गया था कि बंद किए गए 1000 के 99 फीसदी नोट वापस आ गए हैं। इसपर कांग्रेस का कहना है कि सरकार जिस कालेधन को खत्म करने का दावा कर रही थी, वह कहां गया। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने गुरुवार को कहा, ’15 अगस्त को प्रधानमंत्री ने बयान दिया था कि 3 लाख करोड़ का काला धन मिला है। उन्होंने झूठ बोला था। पीएम को गलती स्वीकार करनी चाहिए। सच को स्वीकार करना चाहिए।’
शर्मा ने कहा, ‘कहां गया वह 4-5 लाख करोड़ रुपया? हर कदम पर सरकार ने झूठ बोला। ग्रामीण बैंक से पैसा नहीं लिया गया। किसानों के साथ नाइंसाफी हुई। प्रधानमंत्री ने वायदाखिलाफी की और आम लोगों को धोखा दिया। तय समय में भी लोगों से पैसा वापस ही नहीं लिया गया।’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘देश में 96 फीसदी कैश लेनदेन होता है। जहां तक नकली नोटों की बात है, उन्होंने (सरकार) दावा किया कि 15 लाख 28 हजार वापस आ गया। रिजर्व बैंक ने कहा कि केवल 41 करोड़ नकली नोट हैं। इसके लिए भारत में आर्थिक अराजकता लाई गई। भारत की जीडीपी को बड़ा नुकसान हुआ। 1.5 प्रतिशत जीडीपी टूट गई। यह प्रधानमंत्री का निजी फैसला था। इनको उम्मीद थी कि बड़ा पैसा वापस नहीं आएगा इसीलिए सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा कि टेरर फंडिंग का कम से कम 4-5 लाख करोड़ रुपया है जो वापस नहीं आएगा। आज सरकार इसपर क्या कहेगी?’