मथुरा |
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जब तक धर्माचार्यों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवकों का सहयोग है, भारत का कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता। योगी ने कहा कि उनके लिए हिंदुत्व मुद्दा नहीं, जीने की कला है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को वृंदावन में संत विजय कौशल महाराज के आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे थे। इस दौरान आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और योग गुरु बाबा रामदेव भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत की मूल पहचान भारत का आध्यात्म है। देश के सबसे बड़े संगठन के रूप में जब आरएसएस का सहयोग मिलता है तो भारत की शक्ति दोगुनी हो जाती है। इस दौरान संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि सिर्फ भारत माता की जय बोलने से जय नहीं होगा। इसके लिए सभी को वैसा आचरण भी करना होगा। उन्होंने कहा कि अब भारत पहले से अधिक सशक्त होकर उभरेगा।
कार्यक्रम में मौजूद योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि पीएम मोदी जो नीतियां बना रहे हैं, उन्हें अगर 125 करोड़ लोगों का साथ मिले तो सभी सपनों को साकार किया जा सकता है। रामदेव ने कहा कि राम का देश बनाना है तो राम जैसा आचरण करना चाहिए।