नई दिल्ली |
एम.एस. धोनी को इंडिया सीमैंट्स द्वारा दिए गए ऑफ र लैटर को लीक करने के बाद आई.पी.एल. के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने बी.सी.सी.आई. के 2 पूर्व अध्यक्षों एन. श्रीनिवासन और अनुराग ठाकुर के खिलाफ हमला बोला है। अपने इंस्टाग्राम अकाऊंट से शेयर की गई एक पोस्ट के जरिए ललित मोदी ने श्रीनिवासन और ठाकुर पर आरोप लगाया है कि इन 2 पूर्व अध्यक्षों की वजह से बी.सी.सी.आई. को करीब 7300 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है।
करीब 7300 करोड़ रुपए का हुआ नुक्सान
मोदी ने इस पोस्ट में लिखा है कि श्रीनिवासन द्वारा चैम्पियंस लीग टी-20 को बंद करने और कोच्चि टस्कर्स केरल व पुणे वारियर्स की टीमों को आई.पी.एल. से बाहर करने के फैसले से बोर्ड को करीब (7300 करोड़ रुपए) का नुक्सान हुआ। इनमें चैम्पियंस लीग टी-20 को बंद करने से 500 मिलियन डॉलर और कोच्चि व पुणे की टीमों की डील रद्द करने से 633 मिलियन डॉलर के नुक्सान की बात कही गई है। इससे पहले ललित मोदी ने सोमवार को बी.सी.सी.आई. के पूर्व अध्यक्ष और आई.पी.एल. टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक एन. श्रीनिवासन की कंपनी इंडिया सीमैंट्स द्वारा धोनी को जारी किए गए ऑफर लैटर को लीक करते हुए कई सवाल उठाए थे।