मुंबई |
शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना में भाजपा पर निशाना साधा है। पार्टी ने लिखा कि आज भाजपा सरकार से एयर इंडिया के कर्ज का बोझ नहीं झेला जा रहा है इसलिए उसे बेचा जा रहा है। कल अगर कश्मीर की सुरक्षा में हो रहा खर्च सहन नहीं हुआ तो क्या कश्मीर की भी नीलामी होगी? मुखपत्र में आगे लिखा है कि देश के गौरव एयर इंडिया को बेचा रहे हैं। अगर यह निर्णय कांग्रेस सरकार में हुआ होता तो भाजपा उसके सारे कपड़े उतार देती और कहती जो सरकार एयर इंडिया नहीं चला सकती वाे देश क्या चलाएगी।
इतना ही नहीं शिवसेना ने लिखा कि 50 हजार करोड़ के घाटे में चल रही एयर इंडिया को भाजपा भी नहीं ठीक कर पाई और उसे बेचने का फैसला कर लिया। नौकरशाहों और एयर इंडिया के कर्मचारियों ने भारत की शान को बेच खाया है, एक बड़ा भष्ट्रचार हुआ है। बता दें कि सरकार ने एयर इंडिया में विनिवेश की मंजूरी दे दी है। वहीं, नीति आयोग ने कर्ज में डूबी एयर इंडिया के पूरी तरह से निजीकरण का सुझाव दिया है। खबर हैं कि एयर इंडिया को टाटा ग्रुप और इंडिगो ने खरीदने में रूचि दिखाई है।


